नगर निकाय चुनाव में गरमाया जमशेदपुर का सियासी पारा: कहीं आंसू बहे, कहीं जनसंपर्क तेज, कहीं क्रेडिट को लेकर भिड़े पार्षद…व्यय लेखा को लेकर प्रत्याशियों को मिला प्रशिक्षण

सोमवार को जमशेदपुर में नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल बेहद रोचक और हलचल भरा नजर आया। कहीं भावनाओं का ज्वार उमड़ा तो कहीं चुनावी वादों की लकीरें खिंचती दिखीं वहीं कुछ स्थानों पर क्रेडिट को लेकर प्रत्याशियों के बीच बहस भी देखने को मिली।
मानगो नगर निगम की मेयर प्रत्याशी ज़ेबा खान ने कांग्रेस पार्टी से निलंबित किए जाने के बाद सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जिसमें वह फूट-फूट कर रो पड़ीं। उनके समर्थकों ने उन्हें शांत कराने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता पर कई गंभीर आरोप लगाए।
वहीं मानगो नगर निगम की मेयर प्रत्याशी ज़ेबा कादरी ने अपना जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। उन्होंने ज़ाकिरनगर क्षेत्र में घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की अपनी योजनाओं के बारे में बताया और समर्थन की अपील की।
इसके अलावा कई वार्डों में छोटी-बड़ी जनसभाओं का आयोजन भी किया गया। मानगो वार्ड संख्या 25 में बबलू नौशाद ने एक जनसभा का आयोजन किया जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता मौजूद रहे। इस दौरान बबलू नौशाद ने अपनी पत्नी हिना कौशर के समर्थन में वोट देने की अपील की।
उधर वार्ड संख्या 26 में बिजली कार्य को लेकर क्रेडिट लेने के मुद्दे पर दो पार्षद प्रत्याशियों आज़ाद वारसी और मोहम्मद जीशान के बीच तीखी बहस हो गई।
इधर मानगो नगर निगम मेयर पद की प्रत्याशी डॉ. विनिता सहाय ने सोमवार को अपने चुनावी कार्यालय का उद्घाटन किया। वहीं कुमकुम श्रीवास्तव, संध्या सिंह समेत अन्य प्रत्याशियों ने भी अपना जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है।
चुनावी प्रक्रिया के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर के निर्देशानुसार नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के अंतर्गत मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद तथा चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के प्रत्याशियों को निर्वाचन व्यय से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण बिरसा मुंडा टाउन हॉल, सिदगोड़ा में आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचन आयोग के निर्देशों के आलोक में अभ्यर्थियों को व्यय लेखा संधारण, व्यय पंजियों के रख-रखाव और जांच प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि निर्वाचन व्यय की जांच तीन चरणों में होगी —
•प्रथम जांच: 12 फरवरी
•द्वितीय जांच: 16 फरवरी
•तृतीय जांच: 20 फरवरी
(समय: सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक)
मानगो नगर निगम एवं जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र के लिए जांच स्थल वाणिज्य कर कार्यालय, जमशेदपुर (ट्रेजरी कार्यालय के सामने) निर्धारित किया गया है जबकि चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के लिए जांच स्थल प्रखंड कार्यालय परिसर, चाकुलिया रहेगा।
इसके अलावा आदर्श आचार संहिता के तहत प्रत्याशियों को चुनाव प्रचार गतिविधियों के नियमों की भी जानकारी दी गई। बैठक में निदेशक एनईपी संतोष गर्ग, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी राहुल जी आनंद तथा सभी प्रत्याशी एवं उनके अभिकर्ता उपस्थित थे।
वहीं जुगसलाई नगर परिषद चुनाव के तहत प्रत्याशी रिंकू सिंह ने जनसंपर्क के दौरान कहा “राजनीति नहीं सेवा ही मेरा संकल्प है,” और जनता से वचन व दृढ़ संकल्प के साथ समर्थन मांगा।
कुल मिलाकर जैसे-जैसे मतदान की तिथि नज़दीक आती जा रही है वैसे-वैसे जमशेदपुर में राजनीतिक सरगर्मियां अपने चरम पर पहुंचती दिख रही हैं। कहीं भावनाओं का उबाल है तो कहीं जनसंपर्क और वादों की होड़ कहीं आरोप-प्रत्यारोप तो कहीं समर्थन जुटाने की कवायद तेज़ हो गई है। आने वाले दिनों में चुनावी रण और कितना दिलचस्प मोड़ लेगा किसका पलड़ा भारी पड़ेगा और जनता का रुख किस ओर जाएगा यह देखना वाकई रोचक होगा।


