Jamshedpur: बुरुडीह डैम में पिकनिक मनाते परिवार पर बोलेरो चढ़ी, 8 घायल, गुस्साई भीड़ ने वाहन में लगाई आग

जमशेदपुर के ग्रामीण क्षेत्र घाटशिला स्थित बुरुडीह डैम में रविवार शाम करीब चार बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। पिकनिक मना रहे जमशेदपुर के एक परिवार पर बोलेरो वाहन चढ़ा दिया गया जिससे बच्चों समेत कुल आठ लोग घायल हो गए। घटना से आक्रोशित लोगों ने बोलेरो में आग लगा दी जिससे वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
जानकारी के अनुसार सोनारी और डिमना इलाके से तीन ऑटो में सवार होकर लोग बुरुडीह डैम पिकनिक मनाने पहुंचे थे। सभी लोग तिरपाल बिछाकर खाना खा रहे थे तभी पश्चिम बंगाल के गोपीबल्लवपुर से आए बोलेरो सवार युवक ने अचानक वाहन लोगों पर चढ़ा दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
घायलों को पुलिस की मदद से घाटशिला अनुमंडल अस्पताल लाया गया। गंभीर रूप से घायल निष्ठा कुमारी महतो, संतोष महतो, गोमती मुंडा और रोमतीना मुंडा को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के MGM अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं वरुण विश्वकर्मा, मनीष महतो समेत अन्य घायलों का अनुमंडल अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया।
घटना के बाद गुस्साए लोगों ने बोलेरो चालक की पिटाई कर दी और वाहन में आग लगा दी। बोलेरो चालक सनातन मल्लिक भी घायल हुआ है जिसका इलाज पुलिस निगरानी में कराया जा रहा है। आरोप है कि चालक नशे की हालत में था। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।


