1000424666

Jharkhand: फिर एक बार झारखंड के स्वास्थ्य व्यवस्था की असलियत आई सामने, एंबुलेंस न मिलने से महिला की मौत…

खबर को शेयर करें
1000424666

बोड़ाम थाना क्षेत्र के पहाड़पुर पंचायत अंतर्गत डांगरडीह गांव से झारखंड के स्वास्थ्य विभाग की लचर व्यवस्था एक बार फिर उजागर हुई है। यहां करीब 54 वर्षीय बीमार महिला वेदनी वाला कुम्हार की समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण मौत हो गई।

गुरुवार को महिला स्कूल मैदान में आयोजित दलमा आंचलिक सुरक्षा समिति के कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। शाम करीब 5 बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और सांस लेने में दिक्कत होने लगी जिसके बाद वह घर लौट आईं। परिजनों ने तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को कॉल किया जहां से डेढ़ घंटे में पहुंचने का आश्वासन दिया गया।

लेकिन एंबुलेंस के समय पर नहीं पहुंचने के कारण करीब दो घंटे बाद महिला ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। एंबुलेंस लगभग तीन घंटे बाद गांव पहुंची जिससे नाराज ग्रामीणों ने उसे वापस लौटा दिया।

घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बोड़ाम प्रखंड में एक भी एंबुलेंस की स्थायी व्यवस्था नहीं है। समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाने के कारण एक महिला की अकाल मृत्यु हुई है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और बोड़ाम प्रखंड के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था करने की मांग की है।