Bihar: छोटी सी लापरवाही, बड़ा हादसा: आम्रपाली एक्सप्रेस की चपेट में आने से चार रिश्तेदारों की दर्दनाक मौत…

बिहार के बेगूसराय जिले में बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाला रेल हादसा हो गया। बरौनी-कटिहार रेलखंड के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र स्थित उमेशनगर स्टेशन के पास डाउन आम्रपाली एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया है।
मृतकों की पहचान धर्मदेव महतो (40), रीता देवी (35), रोशनी कुमारी (14) और आरोही कुमारी (7) के रूप में हुई है। सभी मृतक साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के रहुआ गांव के रहने वाले थे और आपस में रिश्तेदार थे।
जानकारी के अनुसार, चारों लोग रघुनाथपुर गांव में आयोजित काली पूजा मेले से अपने गांव रहुआ लौट रहे थे। वे अक्सर रेलवे ट्रैक के किनारे बने रास्ते से घर लौटते थे। उसी दौरान डाउन आम्रपाली एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से चारों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही साहेबपुर कमाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया।
थानाध्यक्ष सिंटू कुमार ने बताया कि यह हादसा लापरवाही का नतीजा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि रेलवे ट्रैक के किनारे पैदल चलने से बचें और सतर्क रहें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

