जमशेदपुर पुलिस का विशेष अभियान: 312 अपराधियों का सत्यापन, 55 फरार वारंटियों की गिरफ्तारी…

जमशेदपुर में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जमशेदपुर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस अभियान में मुख्य रूप से जेल से छूटे अपराधियों और बीते पांच वर्षों में आर्म्स एक्ट से जुड़े आरोपियों का भौतिक सत्यापन किया गया।
पुलिस टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में जाकर अपराधियों की गतिविधियों और निवास स्थान की जानकारी जुटाई। कुल 312 अपराधियों का सत्यापन किया गया जिनमें ऐसे लोग शामिल थे जो पहले विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं या न्यायिक प्रक्रिया में शामिल रहे हैं।
अभियान के दौरान फरार चल रहे वारंटियों पर भी विशेष निगरानी रखी गई। इसी अभियान में कुल 55 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 5 आरोपी एनडीपीएस एक्ट, 2 आरोपी आर्म्स एक्ट और अन्य विभिन्न मामलों से जुड़े वारंटियों को शामिल किया गया।
SSP पीयूष पांडेय ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और सभी थानों को अपने क्षेत्रों में ऐसे अपराधियों पर नजर बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।


