झारखंड आरक्षी प्रतियोगिता परीक्षा JSSC 2023 रद्द, अब नई संयुक्त भर्ती प्रक्रिया से होगी नियुक्ति…

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखंड पुलिस, कक्षपाल और सिपाही (गृह रक्षा वाहिनी) के लिए आयोजित होने वाली झारखंड आरक्षी प्रतियोगिता परीक्षा-2023 को रद्द कर दिया है। यह फैसला गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के संकल्प संख्या-3433, दिनांक 28 अगस्त 2025 के तहत लिया गया है।
आयोग ने विज्ञापन संख्या-17/2023 को पूरी तरह निरस्त कर दिया है। अब नियुक्ति प्रक्रिया नई “झारखंड राज्य पुलिस, कक्षपाल एवं सिपाही संयुक्त भर्ती नियमावली-2025” के तहत होगी।
आवेदकों को राहत देते हुए आयोग ने कहा है कि जिन्होंने पहले परीक्षा के लिए शुल्क जमा किया था उन्हें अगली संयुक्त भर्ती परीक्षा में दोबारा शुल्क नहीं देना होगा। आवेदन प्रक्रिया के दौरान इसके लिए अलग विकल्प दिया जाएगा।
साथ ही, सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में अतिरिक्त छूट दी जाएगी। आयु की गणना की तिथि 01 अगस्त 2019 ही मानी जाएगी जैसा कि पूर्व विज्ञापन में निर्धारित थी।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि अब आगे केवल नई संयुक्त भर्ती नियमावली के आधार पर ही नियुक्तियां की जाएंगी और पहले की अधिसूचना पूरी तरह अमान्य होगी।


