टाटानगर स्टेशन की पार्किंग में बवाल: यात्री को हॉकी स्टिक से पीटा, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल…

जमशेदपुर के टाटानगर रेलवे स्टेशन की सेकेंड एंट्री गेट पार्किंग एक बार फिर विवादों में आ गई है। शुक्रवार रात करीब आठ बजे पार्किंग कर्मियों ने पटना जाने वाले एक यात्री को हॉकी स्टिक से पीटकर घायल कर दिया। इस घटना ने स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था और पार्किंग प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घायल यात्री की पहचान बिहार निवासी मनीष कुमार सिंह के रूप में हुई है। बताया गया कि मनीष काम की तलाश में जमशेदपुर आए थे और शुक्रवार रात साउथ बिहार एक्सप्रेस पकड़ने के लिए सेकेंड एंट्री गेट पहुंचे थे। वहीं पार्किंग शुल्क को लेकर उनकी पार्किंग कर्मियों से बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि कर्मियों ने उन पर हॉकी स्टिक से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल मनीष किसी तरह जीआरपी थाना पहुंचे लेकिन मामला यहीं नहीं रुका। थोड़ी देर बाद पार्किंग से जुड़े 8 से 10 युवक थाने पहुंच गए और पुलिस के सामने ही मनीष को जान से मारने की धमकी दी। यहां तक कि हाथापाई की कोशिश भी की गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि टाटानगर स्टेशन की पार्किंग असली कर्मियों से ज्यादा असामाजिक तत्वों के कब्जे में है। यात्रियों से विवाद, धमकी और वसूली जैसी घटनाएं आम हो चुकी हैं। यात्रियों और स्थानीय लोगों ने रेलवे व जिला प्रशासन से तत्काल जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
लोगों का कहना है कि यदि स्थिति पर नियंत्रण नहीं किया गया तो टाटानगर स्टेशन का माहौल बिगड़ता जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि रेलवे जैसी संवेदनशील जगह पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।


