झारखंड पुलिस मुख्यालय के डाटा सेंटर में आग, 40 कंप्यूटर और 10 AC समेत कई समान जलकर खाक…

झारखंड पुलिस मुख्यालय के धुर्वा स्थित डाटा सेंटर में मंगलवार की सुबह अचानक आग लग गई। इस घटना से पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि आग मुख्यालय के डाटा सेंटर के ऊपर बने डेवलपमेंट रूम में लगी।
शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है। आग की लपटों में डाटा सेंटर में रखे करीब 40 कंप्यूटर, 10 एयर कंडीशनर और कई अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर खाक हो गए। वहीं अन्य उपकरणों और दस्तावेजों के नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है।
पुलिस रिकॉर्ड कितने सुरक्षित हैं और कितना डेटा रिकवर हो सकता है इसे लेकर मुख्यालय स्तर पर गंभीरता से जांच की जा रही है। इस पूरे मामले की मॉनिटरिंग खुद डीजीपी अनुराग गुप्ता कर रहे हैं। उन्होंने तकनीकी दल और जांच टीम को लगाकर डाटा सेंटर को फिर से सुचारू करने की कवायद शुरू कर दी है।

