West Singhbhum: सरबिल-कुरकुटिया सड़क निर्माण में अनियमितता, ग्रामीणों ने गुणवत्ता सुनिश्चित न होने पर काम रोकने की दी चेतावनी…

गोइलकेरा प्रखण्ड के आराहासा पंचायत में सरबिल से कुरकुटिया तक बन रही प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क के निर्माण में अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। रविवार को पंचायत के जनप्रतिनिधियों, विभिन्न गांवों के मुंडा, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि लगभग 13 साल पहले भी इसी सड़क का निर्माण हुआ था लेकिन एक साल के भीतर ही सड़क खराब हो गई थी। अब वही ठेकेदार सड़क की मरम्मत कर रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कार्य शुरू होने से पहले कार्य स्थल पर नियम के अनुसार बोर्ड नहीं लगाया गया मेटल का उचित उपयोग नहीं किया गया और मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी भी नहीं दी गई।
बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने ठेकेदार को चेतावनी दी कि अगर सड़क का निर्माण गुणवत्तापूर्ण नहीं हुआ तो कार्य रोक दिया जाएगा और सड़क को खराब हालत में छोड़ दिया जाएगा।
बैठक में पंचायत मुखिया जोंको अंगरिया, ग्रामीण मुंडा यदु अंगरिया, महेश लाल कोड़ा, दिलबर हेम्ब्रम, मर्तोम अंगरिया, मानसिंह अंगरिया, सामाजिक कार्यकर्ता लक्ष्मण लगुरी, मानसिंह कोड़ा, विकास अंगरिया, लक्ष्मण पुर्ती, मनहरण हेम्ब्रम, दुबराज अंगरिया, प्रेम सिंह अंगरिया, गुलिया अंगरिया, डांगुर अंगरिया, यदु तियू सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।

