Asia Cup 2025 : भारत-पाकिस्तान आमने-सामने, दुबई में आज होगा हाई-वोल्टेज मुकाबला…

क्रिकेट प्रेमियों का लंबे समय से इंतजार आज खत्म होने जा रहा है। एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान की टीमें रविवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में टी20 मुकाबले में भिड़ेंगी। यह मैच भारतीय समयानुसार रात 8 बजे शुरू होगा जबकि टॉस 7:30 बजे होगा।
यह 15 महीने बाद दोनों टीमों का पहला टी20 आमना-सामना होगा। भारत ने अपने पहले मैच में यूएई को 9 विकेट से हराया था वहीं पाकिस्तान ने ओमान को 93 रनों से मात दी थी। दोनों ही टीमें खिताब की दावेदार मानी जा रही हैं।
भारत की कमान सूर्यकुमार यादव के हाथों में होगी जबकि पाकिस्तान की कप्तानी सलमान आगा करेंगे।
अब तक खेले गए 13 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत ने 10 और पाकिस्तान ने 3 बार जीत दर्ज की है। एशिया कप में दोनों का सामना तीन बार हुआ, जिसमें भारत ने 2 और पाकिस्तान ने 1 मैच जीता। दुबई में हुए तीन मुकाबलों में पाकिस्तान ने 2 और भारत ने 1 मैच जीता है।
दुबई की पिच संतुलित मानी जाती है। शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है जबकि बाद में स्पिनरों का प्रभाव दिखेगा। बल्लेबाजों को रन बनाने के मौके मिलेंगे लेकिन उन्हें सतर्क रहना होगा। इस मैदान पर भारत ने 2022 में 212 रनों का सबसे बड़ा स्कोर बनाया था। यहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का औसत स्कोर 145 रन है।
इंडियन टीम!!
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव, रिंकू सिंह, हर्षित राणा।
पाकिस्तानी टीम!!
सलमान आगा (कप्तान), फखर जमां, खुशदिल शाह, सईम अयूब, हसन नवाज, हुसैन तलत, फहीम अशरफ, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद हारिस, साहिबजादा फरहान, हारिस रऊफ, हसन अली, अबरार अहमद, सुफियान मुकीम, सलमान मिर्जा, शाहीन अफरीदी, मोहम्मद वसीम जूनियर।
किन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजर!!
भारत से अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, वरुण चक्रवर्ती और अर्शदीप सिंह पर नजरें होंगी। वहीं पाकिस्तान से सलमान आगा, शाहीन शाह अफरीदी, सईम अयूब, फखर जमां, अबरार अहमद और हसन नवाज पर फैंस की उम्मीदें टिकी रहेंगी

