Jharkhand: आयुष्मान भारत योजना! 111 अस्पतालों के बकाया भुगतान को मंजूरी, नए प्रस्तावों पर भी चर्चा…

Jharkhand: आयुष्मान भारत मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत लंबे समय से लंबित 111 अस्पतालों के भुगतान को मंजूरी मिल गई है। शुक्रवार को विकास आयुक्त अविनाश कुमार की अध्यक्षता में हुई झारखंड राज्य आरोग्य समिति की शासी परिषद की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
बैठक में कुल 212 अस्पतालों के दावों की समीक्षा की गई। जांच में जिन 111 अस्पतालों के दावे सही पाए गए उनके भुगतान की मंजूरी दी गई। इनका भुगतान लगभग एक वर्ष से लंबित था।
बैठक में समिति के विभिन्न पदों के सृजन पर सहमति बनी। साथ ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण द्वारा प्रस्तावित वय वंदना योजना (सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए त्वरित चिकित्सकीय सहायता) और स्माइल योजना (ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए विशेष योजना) की जानकारी भी साझा की गई।
बैठक में यह मुद्दा भी उठाया गया कि कई बड़े मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल अभी तक सूचीबद्ध नहीं हैं। ऐसे अस्पतालों में इलाज के बाद बीमा कंपनी को अग्रिम राशि देकर भुगतान की व्यवस्था पर चर्चा हुई। इसके अलावा, राज्य से बाहर स्थित प्रतिष्ठित अस्पतालों में मरीजों के इलाज के भुगतान को कार्पस फंड से सुनिश्चित करने पर भी विचार किया गया।
समिति की कार्यकारी निदेशक डॉ. नेहा अरोड़ा ने बताया कि सभी जिलों से अस्पतालों की जांच रिपोर्ट मिल चुकी है। डॉक्टरों की टीम ने गहन जांच की और रिपोर्ट संतोषजनक पाई गई। इसके आधार पर अस्पतालों को भुगतान का रास्ता साफ हुआ।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


