1000301112

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी की बैठक, कोयला व खनन क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर हुई अहम चर्चा…

खबर को शेयर करें
1000301112

Jharkhand : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने 12 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात की। इस दौरान राज्य सरकार, कोल मंत्रालय और कोल इंडिया की अनुषंगी इकाइयों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक में कोयला और खनन क्षेत्र की बेहतरी को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कोल माइंस से जुड़े मुद्दों पर राज्य सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के आपसी सहयोग से ही समस्याओं का समाधान संभव है। उन्होंने खनन क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

बैठक में कई अहम विषयों पर चर्चा हुई, जिनमें खनिजों पर मिलने वाली रॉयल्टी, विस्थापितों का पुनर्वास, नौकरी और मुआवजा, खनन क्षेत्र और आसपास के लोगों को रोजगार, खनन कार्य पूरा हो चुके जमीन की वापसी, अवैध खनन से हो रहे हादसों पर नियंत्रण, सुरक्षा मानकों का पालन, कोल परियोजनाओं के संचालन में आ रही दिक्कतों का समाधान तथा डीएमएफटी और सीएसआर फंड के बेहतर इस्तेमाल जैसे मुद्दे शामिल रहे।

बैठक में मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, केंद्रीय खनन मंत्रालय के एडिशनल सेक्रेटरी संजय लोहिया, केंद्रीय कोयला मंत्रालय के एडिशनल सेक्रेटरी सनोज कुमार झा, राज्य राजस्व सचिव चंद्रशेखर, खान एवं भूतत्व विभाग के सचिव अरवा राजकमल, निदेशक राहुल सिन्हा, कोल इंडिया के चेयरमैन पीएम प्रसाद, सीसीएल के सीएमडी निलेन्दु कुमार सिंह, बीसीसीएल के सीएमडी मनोज अग्रवाल, हिंदुस्तान कॉपर के सीएमडी संजीव कुमार सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।