Jharkhand: पलामू में पशु तस्करों की साजिश नाकाम, पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश, दो गिरफ्तार…

झारखंड के पलामू जिले में शुक्रवार को पशु तस्करों की बड़ी साजिश पुलिस ने नाकाम कर दी। नावा बाजार थाना क्षेत्र के एनएच-98 पर पुलिस चेकिंग के दौरान मवेशी लदे दो पिकअप वाहनों के चालकों ने पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश की। हालांकि पुलिस की तत्परता से दोनों वाहन पकड़ लिए गए और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
नावा बाजार पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर की सुबह 11 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि क्रूरतापूर्वक मवेशियों को दो पिकअप वाहनों में बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर चेकपोस्ट पर जांच की गई। करीब 11:50 बजे जैसे ही दोनों वाहन पहुंचे पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इसी दौरान चालकों ने गाड़ियों की रफ्तार बढ़ा दी और पुलिसकर्मियों को रौंदने का प्रयास किया।
पुलिस ने तुरंत पीछा कर दोनों पिकअप (BR 26 GB 7046 और JH 03 AR 5255) को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चैनपुर निवासी जुनाब अंसारी (35) और बिहार के औरंगाबाद निवासी रंजीत कुमार (20) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चैनपुर के इकबाल मियां और नावा बाजार के सफीक आलम साह उर्फ छोटू और मनीर साह के कहने पर मवेशियों को तरहसी से संडा (बिहार) ले जा रहे थे। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

