1000300334

Chaibasa: कोल्हान विश्वविद्यालय एकेडमिक काउंसिल की बैठक में कई अहम निर्णय, दिसंबर में होगा दीक्षांत समारोह…

खबर को शेयर करें
1000300334

कोल्हान विश्वविद्यालय के कॉन्फ्रेंस हाल में गुरुवार देर शाम एकेडमिक काउंसिल की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कुलपति प्रोफेसर डॉ. अंजिला गुप्ता ने की। बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में इंडियन नर्सिंग काउंसिल के पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम को मंजूरी दी गई। इसकी पढ़ाई अब विश्वविद्यालय के अधीन महाविद्यालयों में होगी। साथ ही प्रश्न पत्रों में त्रुटियों को दूर करने के लिए प्रत्येक विषय के लिए एक मॉडरेशन बोर्ड का गठन करने का फैसला लिया गया।

स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में प्रवेश मार्च 2026 से शुरू करने का निर्णय हुआ। तब तक लंबित परीक्षाएं आयोजित कर परीक्षा परिणाम प्रकाशित कर दिए जाएंगे। नई शिक्षा नीति के तहत भारतीय ज्ञान प्रणाली के महत्व को देखते हुए इन विषयों की परीक्षा ओएमआर शीट पर कराने का भी फैसला लिया गया।

विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह दिसंबर के पहले सप्ताह में आयोजित किया जाएगा। बैठक में इसकी तैयारियों की समीक्षा भी की गई।

बैठक में वित्त सलाहकार, डीएलडब्ल्यू, सभी संकाय अध्यक्ष, सीसीडीसी, काउंसिल के सदस्य प्राचार्य, विभागाध्यक्ष, परीक्षा नियंत्रक और कुलसचिव मौजूद रहे। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय का शैक्षणिक वातावरण और बेहतर बनाने के लिए काउंसिल की भूमिका अहम है। भविष्य में और अधिक व्यवसायिक एवं रोजगारपरक पाठ्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे।