1000300172

झारखंड में चलती ट्रेन से चावल चोरी, रेलवे गोदाम भी असुरक्षित; संगठित गिरोह पर शक…

खबर को शेयर करें
1000300172

Jharkhand: झारखंड में एक बार फिर मालगाड़ी से बड़े पैमाने पर चावल चोरी का मामला सामने आया है। चक्रधरपुर रेल मंडल के सोनुवा और लोटापहाड़ स्टेशनों के बीच खड़ी मालगाड़ी से अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के चावल चोरी कर लिए। चोरों ने मालगाड़ी के तीन डिब्बों का लॉक तोड़कर दर्जनों बोरियां निकाल लीं।

घटना की जानकारी मिलते ही आरपीएफ टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान आईबी सिग्नल के पास रेल ट्रैक और झाड़ियों से करीब 15–20 बोरियां बरामद की गईं। अधिकारियों का कहना है कि चोर बोरियों को रेल लाइन किनारे गिराकर वाहन के जरिये माल लेकर फरार हो गए। फिलहाल संदिग्धों और वाहनों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

अधिकारियों का मानना है कि इस वारदात में किसी संगठित गिरोह का हाथ है। कुछ साल पहले भी इसी रूट पर मालगाड़ियों को इसी तरह निशाना बनाया जाता था। सुरक्षा एजेंसियों की सख्ती के बाद घटनाएं कम हुई थीं लेकिन अब फिर से गिरोह सक्रिय होने लगे हैं। इससे रेल प्रशासन और सुरक्षा बलों की चिंता बढ़ गई है।

इधर टाटानगर गुड्स शेड से चावल चोरी के पुराने मामले में दो रेलकर्मियों को कोर्ट से जमानत मिल गई है। इस केस में 1400 बोरी चावल चोरी हुए थे। आरपीएफ ने जांच कर दो सुपरवाइजर मुकेश कुमार और सूरज कुमार को आरोपी बनाया था। दोनों घाघीडीह जेल में बंद थे जिन्हें बुधवार को जमानत मिल गई। वहीं FCI के दो अधिकारियों की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी गई है जिससे उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं।