Jharkhand: गिरिडीह में फर्जी डॉक्टर की लापरवाही से युवक की मौत, ग्रामीणों ने शव रखकर किया सड़क जाम, आरोपी फरार…

Jharkhand: गिरिडीह जिले के गावां थाना क्षेत्र के माल्डा गांव में एक झोला छाप डॉक्टर की लापरवाही से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। इस घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने पटना-पिहरा मुख्य मार्ग पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया और डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मृतक की पहचान माल्डा निवासी भैरव तिवारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे भैरव को अचानक सीने में दर्द हुआ। उसका भाई रूपेश तिवारी उसे पास के झोला छाप डॉक्टर हरि दास अधिकारी के क्लिनिक पर ले गया। आरोप है कि डॉक्टर ने बिना जांच किए उसे लगातार तीन इंजेक्शन दे दिए, जिससे उसकी हालत और बिगड़ गई।
स्थिति नाजुक होते देख आरोपी डॉक्टर ने उसे सरकारी अस्पताल भेज दिया। जहां डॉ. काजिम खान ने जांच के बाद भैरव को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए सड़क जाम कर दिया और डॉक्टर के खिलाफ नारेबाजी की।
ग्रामीण मृतक के परिवार को मुआवजा दिलाने और आरोपी डॉक्टर पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। सूचना पर गावां इंस्पेक्टर रोहित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फिलहाल आरोपी डॉक्टर हरि दास अधिकारी क्लिनिक बंद कर फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

