Jharkhand: रांची से संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, झारखंड ATS और दिल्ली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई…

Jharkhand: झारखंड की राजधानी रांची से एक बार फिर ATS और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी इस्लाम नगर स्थित तबारक लॉज से हुई जहां वह कई दिनों से ठहरा हुआ था।
गिरफ्तार आतंकी की पहचान अशहर दानिश के रूप में हुई है जो बोकारो जिले के पेटवार का रहने वाला है। पुलिस ने उसके कमरे से केमिकल, हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया है।
दिल्ली में दर्ज एक मामले में अशहर दानिश की तलाश की जा रही थी। सूचना मिलने पर झारखंड ATS, रांची पुलिस और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात छापेमारी कर उसे दबोच लिया।
फिलहाल संदिग्ध आतंकी से गहन पूछताछ की जा रही है और सुरक्षा एजेंसियों को उम्मीद है कि उससे उसके नेटवर्क और गतिविधियों से जुड़ी अहम जानकारी मिलेगी। गिरफ्तारी के बाद रांची समेत पूरे झारखंड में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। साथ ही पुलिस ने लॉज के अन्य कमरों की तलाशी ली और आसपास लगे CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

