1000296687

पश्चिमी सिंहभूम में DC के खिलाफ मानकी-मुंडा समाज की जनाक्रोश रैली, हजारों लोग सड़कों पर उतरे…

खबर को शेयर करें
1000296687

West Singhbhum News: पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय की सड़कों पर मंगलवार को जबरदस्त जनसैलाब उमड़ा। मानकी-मुंडा और डाकुवा समाज के नेतृत्व में हजारों लोगों ने उपायुक्त (DC) के खिलाफ विशाल जनाक्रोश रैली निकाली। रैली खुंटकटटी मैदान से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों से होती हुई प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय तक पहुंची।

नारेबाजी करती रही जिससे कई स्थानों पर जाम की स्थिति बन गई और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। समाज के नेताओं ने उपायुक्त पर हठधर्मिता का आरोप लगाते हुए उन्हें बर्खास्त करने की मांग की।

आयोजकों ने बताया कि इस रैली में कोल्हान-पोड़ाहाट क्षेत्र के हजारों ग्रामीण, छात्र-छात्राएं, महिला मंडल, सामाजिक संगठन, कृषक बंधु और आदिवासी समाज के विभिन्न प्रतिनिधि शामिल हुए। आयोजन को सफल बनाने के लिए गांव-गांव में जनसंपर्क अभियान चलाया गया था।

समाज के नेताओं ने कहा कि यह रैली जिले की समस्याओं और प्रशासनिक हठधर्मिता के खिलाफ है। उनका कहना है कि उपायुक्त की कार्यशैली आमजनों की भावनाओं को ठेस पहुंचा रही है।

उपायुक्त चंदन कुमार ने स्पष्ट किया है कि कोल्हान क्षेत्र की पारंपरिक मानकी-मुंडा व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि वंशावली निर्गत करने का अधिकार पहले की तरह मुंडा और मानकी के पास ही रहेगा। यदि किसी पदाधिकारी की अनुपस्थिति हो तो परंपरा के अनुसार प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

उन्होंने यह भी बताया कि हाल के महीनों में रिक्त पदों पर ग्रामसभा के माध्यम से नियुक्तियां की गई हैं और शेष पदों पर भी जल्द कार्रवाई होगी। साथ ही, डीसी ने अफवाह फैलाने वालों को चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार करने वालों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने स्वीकार किया कि हुकुकनामा और विल्किन्सन रूल्स को लेकर आम जनता व पारंपरिक पदाधिकारियों में जानकारी का अभाव है। इसे दूर करने के लिए जिला स्तर पर नियमित कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।

जनाक्रोश रैली और प्रशासन के आश्वासन के बीच अब नजरें इस पर टिकी हैं कि विवाद का समाधान कैसे निकलेगा।