जमशेदपुर ग्रामीण क्षेत्र: चाकुलिया में आपसी विवाद के दौरान युवक पर जानलेवा हमला, घायल तपन महतो झाड़ग्राम रेफर…

Jamshedpur news: चाकुलिया प्रखंड की सोनाहातु पंचायत के आमाभुला गांव में मंगलवार सुबह आपसी विवाद के चलते युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल तपन महतो को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार सुबह शौच के बाद तपन महतो गांव के तालाब पर मुंह धो रहा था तभी गांव के ही महेंद्र महतो ने पीछे से आकर उस पर धारदार हथियार से वार कर दिया। हमले में तपन महतो के सिर और शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल को पहले चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां डॉ. चंपा मन्ना घोष ने प्राथमिक इलाज कर झाड़ग्राम रेफर कर दिया।
घटना की सूचना पर पंचायत के मुखिया मोहन सोरेन और चाकुलिया थाना के एएसआइ पीतांबर मंडल दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने कहा कि इस तरह की हिंसक घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

