घाटशिला विधानसभा उपचुनाव : झामुमो से सोमेश सोरेन के उतारने की तैयारी, भाजपा तीन दावेदारों के बीच करेगी चयन…

Jamshedpur news: जमशेदपुर लोकसभा संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले घाटशिला विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना तय है। पूर्व मंत्री और झामुमो के पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष रामदास सोरेन के निधन के बाद यह सीट खाली हुई है।
झामुमो की ओर से यह लगभग तय माना जा रहा है कि इस बार टिकट रामदास सोरेन के पुत्र सोमेश सोरेन को दिया जाएगा। वहीं भाजपा में प्रत्याशी को लेकर अभी तक तस्वीर साफ नहीं है लेकिन अंदरखाने तीन नामों की चर्चा जोरों पर है।
2024 के विधानसभा चुनाव में रामदास सोरेन ने भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन को लगभग 23 हजार वोटों से हराया था। रामदास सोरेन को कुल 98,356 मत मिले थे जबकि बाबूलाल सोरेन को 75,910 वोट हासिल हुए थे। तीसरे स्थान पर जेएलकेएम रहा था।
2019 में भी रामदास सोरेन ने जीत दर्ज की थी और भाजपा के लखन चंद्र मार्डी दूसरे स्थान पर रहे थे।
2014 में हालांकि समीकरण अलग थे। उस समय भाजपा के लक्ष्मण टुडू ने चुनाव जीता था जबकि झामुमो के रामदास सोरेन दूसरे स्थान पर रहे थे।
भाजपा इस चुनाव को हर हाल में जीतने की रणनीति बना रही है। यही वजह है कि 11 सितंबर को हर प्रखंड में महाधरना का आयोजन किया गया है, जिसमें तीन पूर्व मुख्यमंत्री नेतृत्व करेंगे।
घाटशिला में अर्जुन मुंडा
धालभूमगढ़ में चंपई सोरेन
मुसाबनी में रघुवर दास
भाजपा की ओर से संभावित उम्मीदवारों में तीन नाम सबसे आगे माने जा रहे हैं :
- बाबूलाल सोरेन – पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के बेटे
- लखन चंद्र मार्डी – पूर्व विधायक और आरएसएस समर्थित चेहरा
- मीरा मुंडा – पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की पत्नी
झामुमो को रामदास सोरेन की मौत के बाद सहानुभूति वोट मिलने की संभावना है वहीं भाजपा पूरी ताकत झोंककर इस सीट को फिर से हासिल करने की कोशिश करेगी। अगर बाबूलाल सोरेन का टिकट कटा तो चर्चा है कि खुद चंपई सोरेन मैदान में उतर सकते हैं।

