1000295535

JSSC ने जारी किया सहायक आचार्य नियुक्ति परीक्षा का संशोधित परिणाम, 484 अभ्यर्थी हुए बाहर…

खबर को शेयर करें
1000295535

Jharkhand: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने सहायक आचार्य नियुक्ति प्रतियोगिता परीक्षा का संशोधित परिणाम जारी किया है। इस बार कुल 4,333 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं जो पहले जारी परिणाम की तुलना में 484 कम हैं। पहले परिणाम में 4,817 अभ्यर्थी सफल घोषित हुए थे। यह परीक्षा प्राथमिक विद्यालयों में इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य (कक्षा 1 से 5) के लिए कुल 11,000 पदों पर नियुक्ति हेतु आयोजित की गई थी। अब तक 6,667 पद रिक्त रह गए हैं।

संशोधित परिणाम सर्वोच्च न्यायालय के आदेश और स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के निर्देश के अनुसार जारी किया गया है। पहले के परिणाम में आरक्षित वर्ग के कुछ अभ्यर्थियों को दोहरा आरक्षण मिलने के कारण अनारक्षित कोटि में शामिल कर दिया गया था जिसे सर्वोच्च न्यायालय ने सही नहीं माना।

अब नए परिणाम में आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को उनके आरक्षण कोटि में स्थानांतरित कर दिया गया है। साथ ही पारा कोटि के अभ्यर्थियों, जिन्हें अधिकतम आयु सीमा में छूट मिली थी उन्हें भी अपनी आरक्षित कोटि में स्थान दिया गया है।

आयोग ने कहा है कि उच्च न्यायालय के आने वाले अंतिम आदेश से यह परिणाम प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा, कुछ अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों में अस्पष्टता होने के कारण उनका परिणाम अभी लंबित है जिसे विभाग के मार्गदर्शन के बाद जारी किया जाएगा।

बता दें कि आयोग ने इससे पहले स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य (कक्षा 6 से 8) में गणित और विज्ञान विषय का परिणाम जारी किया था जबकि भाषा और सामाजिक विज्ञान विषय का परिणाम अभी बाकी है।