West Singhbhum: चक्रधरपुर में कचरे के जलते ढेर से मिला मानव शव, इलाके में सनसनी…

West Singhbhum News: चक्रधरपुर में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब कचरे के जलते ढेर से एक मानव शव बरामद हुआ। शव जलने से इतनी बुरी तरह विद्रूप हो चुका है कि यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि मृतक महिला है या पुरुष।
मामला रेलवे ओवरब्रिज के निकट अंडरपास से आगे जाने वाली सड़क का है। यहां भारत भवन के पीछे स्थित पोड़ाहाट स्टेडियम की चहारदीवारी के पास कचरे के ढेर में आग लगी हुई थी। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों को कचरे के बीच मानव शरीर दिखाई दिया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि शव की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही कई सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय प्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे। इनमें मोहम्मद अशरफ, दिनेश जेना, विधायक प्रतिनिधि पीरू हेंब्रम और मोहम्मद नेहाल सहित अन्य लोग शामिल थे।
फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है जिससे लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।

