1000292477

Jharkhand: गुमला में सड़क हादसे में 12 वर्षीय बच्चे की मौत, ग्रामीणों ने किया NH जाम…

खबर को शेयर करें
1000292477

Jharkhand: झारखंड के गुमला जिले के भरनो थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। नावाटोली के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क पार कर रहे दो बच्चों को टक्कर मार दी। हादसे में 12 वर्षीय फरहान मिर्दाहा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका साथी मुर्सिल मिर्दाहा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पहले भरनो अस्पताल ले जाया गया और फिर बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया गया। दोनों बच्चे बेड़ों थाना क्षेत्र के हाटू गांव के रहने वाले थे।

फरहान की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। परिजन और ग्रामीण सदमे में हैं। परिवार वालों ने बताया कि दोनों बच्चे पढ़ाई में अच्छे थे और हमेशा साथ रहते थे। इस घटना ने पूरे गांव को शोक में डाल दिया है।

हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने भरनो ब्लॉक चौक के पास राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) को जाम कर दिया। उनकी मांग थी कि मृतक परिवार को मुआवजा दिया जाए और फरार वाहन चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाए। सड़क जाम होने से वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूचना पर भरनो पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर जाम हटवाया। पुलिस ने आश्वासन दिया कि फरार वाहन और उसके चालक का जल्द पता लगाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच जारी है।