झारखंड में अगले चार दिन गरज-चमक के साथ तेज बारिश की चेतावनी…

Jamshedpur news: झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य में अगले चार दिनों तक गरज-चमक और वज्रपात के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है।
शनिवार और रविवार को मौसम आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं सोमवार यानी 9 सितंबर से बादल घिरने लगेंगे और कई जिलों में भारी बारिश के साथ वज्रपात हो सकता है।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार पिछले दिनों ओडिशा तट पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ चुका है जिसके कारण फिलहाल घने बादल छंट गए हैं। हालांकि रांची समेत कुछ हिस्सों में हल्की बारिश अभी भी हो सकती है।
पिछले 24 घंटों में मानसून कमजोर रहा। केवल खूंटी, पूर्वी सिंहभूम और सिमडेगा में 20 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। वहीं रांची में 1 जून से 5 सितंबर तक 1314.5 मिमी बारिश दर्ज हुई है जो सामान्य से 54% अधिक है। पूरे झारखंड में अब तक 1045.6 मिमी बारिश हो चुकी है जो औसत से 24% ज्यादा है।
मौसम साफ होने से अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तीन दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

