1000292228

झारखंड में लापरवाही का बड़ा मामला : समय पर चार्जशीट दाखिल नहीं करने से हत्या के आरोपियों को मिली राहत, थानेदार निलंबित…

खबर को शेयर करें
1000292228

Jharkhand: झारखंड पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। हजारीबाग जिले में हत्या जैसे गंभीर मामलों में समय पर चार्जशीट दाखिल नहीं होने के कारण आरोपियों को राहत मिल गई। यह चूक जिले के लोहसिंघना थाना प्रभारी रहे संदीप कुमार की वजह से हुई है। मामले के उजागर होते ही उन्हें निलंबित कर दिया गया है।

हजारीबाग एसपी अंजनी अंजन ने इस पूरे मामले को गंभीर मानते हुए डीजीपी अनुराग गुप्ता को पत्र लिखा है। एसपी ने पत्राचार कर संदीप कुमार को जिले से हटाने की अनुशंसा की है। पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार डीजीपी भी इस मामले को लेकर गंभीर हैं और उन्होंने तत्काल समीक्षा के बाद कार्रवाई का निर्णय लिया है।

किन मामलों में हुई लापरवाही?

  1. एसडीओ की पत्नी की हत्या का मामला – हजारीबाग के तत्कालीन एसडीओ अशोक कुमार और उनके परिजनों पर उनकी पत्नी अनिता कुमारी की हत्या का आरोप लगा था। केस की जांच संदीप कुमार के जिम्मे थी। सदर डीएसपी की समीक्षा में पाया गया कि आरोपियों के खिलाफ समय पर चार्जशीट दाखिल नहीं की गई। इस लापरवाही से आरोपी एसडीओ को लाभ मिला।
  2. सरस्वती अपार्टमेंट हत्याकांड – 2 सितंबर 2024 को लोहसिंघना थाना क्षेत्र के सरस्वती अपार्टमेंट के पास उदय कुमार साहू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी भी हुई थी। लेकिन जांच अधिकारी संदीप कुमार ने आरोपी संतोष कुमार मेहता के खिलाफ चार्जशीट दाखिल नहीं की। नतीजतन, आरोपी को जमानत मिल गई।

इन दोनों घटनाओं के कारण न केवल पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं बल्कि न्याय प्रक्रिया भी प्रभावित हुई है। पुलिस मुख्यालय से जल्द ही इस मामले में कड़ी कार्रवाई होने की संभावना है।