Jharkhand: SNMMCH में महिला मरीज की मौत के बाद हंगामा, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप, डॉक्टरों ने ठप की OPD…

Jharkhand: धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SNMMCH) में गुरुवार की रात उस समय तनाव फैल गया जब इलाज के दौरान एक महिला मरीज की मौत हो गई। मृतका की पहचान 46 वर्षीय मंजू देवी, पत्नी सुरेंद्र कुमार तिवारी, निवासी गोधर नंबर 6 के रूप में हुई है।
परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान दिए गए एक इंजेक्शन से उनकी तबीयत बिगड़ी जिसके बाद रात करीब 8 बजे मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया और इलाज से जुड़े दस्तावेज भी फाड़ दिए। हंगामे के दौरान कुछ परिजनों ने डॉक्टरों के साथ हाथापाई की कोशिश की जिसके बाद स्टाफ को आपातकालीन अलार्म बजाना पड़ा। मौके पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जाने के बाद स्थिति पर काबू पाया गया।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. दिनेश गिंदौड़िया ने कहा कि मरीज की हालत पहले से गंभीर थी और इसे लेकर परिजनों को जानकारी दी गई थी। डॉक्टरों ने मरीज को रेफर करने का सुझाव भी दिया था लेकिन परिजन यहीं इलाज कराने पर अड़े रहे। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप सही नहीं है।
हंगामे और मारपीट की घटना से नाराज जूनियर डॉक्टरों ने शुक्रवार को ओपीडी सेवाएं बंद कर दीं और अस्पताल परिसर में धरना दिया। उनकी मांग है कि ड्यूटी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए।
फिलहाल अस्पताल परिसर में स्थिति तनावपूर्ण बनी रही लेकिन पुलिस और प्रशासन की दखल के बाद हालात नियंत्रण में आ गए। शव परिजनों को सौंप दिया गया है हालांकि डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर असंतोष अब भी बना हुआ है।

