पीएम मोदी की मां पर टिप्पणी के विरोध में बिहार बंद, जगह-जगह सड़क जाम और प्रदर्शन…

Azad Reporter desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर एनडीए ने गुरुवार को बिहार बंद का आह्वान किया। सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक बुलाए गए इस बंद का असर कई जिलों में दिखा। बंद के दौरान एनडीए कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे, जगह-जगह चक्का जाम किया और विरोध-प्रदर्शन किया।
पटना के सगुना मोड़ पर आगजनी की गई वहीं मुजफ्फरपुर में एनडीए समर्थकों ने एनएच-28 पर काजी इंडा चौक और माड़ीपुर चौक को जाम कर दिया। इससे छपरा और हाजीपुर से आने-जाने वाले वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्री घंटों तक फंसे रहे। बेतिया में भाजपा महिला मोर्चा और कार्यकर्ताओं ने व्यापक विरोध किया और पूरा शहर बंद रहा।
एनडीए नेताओं का कहना है कि विरोध शांतिपूर्ण तरीके से किया जा रहा है। उन्होंने साफ किया कि आपातकालीन सेवाएं जैसे अस्पताल, एम्बुलेंस, पुलिस और फायर ब्रिगेड को बंद से बाहर रखा गया है। रेलवे और हवाई सेवाएं सामान्य रहीं। हालांकि बाजार, दुकानें और यातायात पर बंद का खासा असर देखा गया।
पटना में भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद इनकम टैक्स गोलंबर पहुंचे और “मां का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” का नारा लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की दिवंगत मां पर की गई अभद्र टिप्पणी बेहद शर्मनाक है। अगर भाजपा का कोई कार्यकर्ता ऐसा करता तो हम कार्रवाई करते और माफी मांगते, लेकिन कांग्रेस और राजद नेताओं ने अब तक माफी नहीं मांगी है।
भाजपा महिला मोर्चा की नेत्रियों ने भी कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को देश की जनता से माफी मांगनी होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि बिहार की जनता इस अपमान का जवाब आगामी विधानसभा चुनाव में देगी।


