झारखंड विधानसभा : पांच मिनट में स्थगित हुई कार्यवाही, सत्ता और विपक्ष आमने-सामने…

Jharkhand: झारखंड विधानसभा का पूरक मानसून सत्र सोमवार को हंगामे की भेंट चढ़ गया। कार्यवाही सुबह 11 बजकर 6 मिनट पर शुरू हुई लेकिन विपक्ष और सत्ता पक्ष दोनों ही वेल में आकर नारेबाजी करने लगे। हंगामा इतना बढ़ा कि महज पांच मिनट के भीतर ही स्पीकर रबीन्द्रनाथ महतो ने सदन की कार्यवाही दोपहर तक स्थगित कर दी।
भाजपा विधायक सूर्या हांसदा एनकाउंटर की CBI जांच और नगड़ी रिम्स टू मामले में कार्रवाई को लेकर सरकार से जवाब मांग रहे थे। उन्होंने पोस्टर फाड़े और “फर्जी एनकाउंटर बंद करो” “लोकतंत्र की हत्या बंद करो” जैसे नारे लगाए। वहीं सत्ता पक्ष के विधायक 130वें संविधान संशोधन का विरोध करते हुए “संविधान की हत्या बंद करो” के नारे लगाने लगे।
स्पीकर ने कई बार विधायकों से अपनी सीटों पर लौटने की अपील की लेकिन शोरगुल शांत नहीं हुआ।
सत्र की शुरुआत ने ही साफ कर दिया है कि आने वाले दिनों में सदन का माहौल गरम रहने वाला है। विपक्ष सूर्या हांसदा एनकाउंटर, नगड़ी की घटना, अटल क्लीनिक का नाम बदलने, विश्वविद्यालय संशोधन बिल और किसानों की समस्याओं पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। वहीं सत्ता पक्ष एसआईआर और संविधान संशोधन जैसे मुद्दों पर विपक्ष को जवाब देगा।
सत्र के दौरान 26 अगस्त को अतिवृष्टि पर विशेष चर्चा और अनुपूरक बजट पर बहस होगी। जबकि 28 अगस्त को दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भारत रत्न देने का प्रस्ताव सदन में पेश किया जाएगा।


