1000278635

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 : सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी, EOU ने 432 आपत्तिजनक पोस्ट पकड़े…

खबर को शेयर करें
1000278635

Azad Reporter desk: बिहार में विधानसभा चुनाव 2025 को देखते हुए सोशल मीडिया पर निगरानी तेज कर दी गई है। राजनीतिक दल और उनके समर्थक Facebook, X, Instagram और YouTube जैसे प्लेटफॉर्म्स का जमकर इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके साथ ही फर्जी जानकारी भ्रामक पोस्ट और आपत्तिजनक टिप्पणियों का प्रसार भी बढ़ा है। इसे रोकने के लिए राज्य की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की सोशल मीडिया पेट्रोलिंग यूनिट लगातार मॉनिटरिंग कर रही है।

EOU के मुताबिक जनवरी से जुलाई 2025 तक 432 आपत्तिजनक पोस्ट चिह्नित किए गए। इनमें से 15 मामलों में प्राथमिकी दर्ज हुई, जबकि 115 फर्जी प्रोफाइल और भ्रामक पोस्ट सोशल मीडिया कंपनियों की मदद से हटाए गए। बाकी 288 मामलों की जांच जिला साइबर सेल कर रही है। इन पोस्ट में ज्यादातर धार्मिक, जातिगत, सांप्रदायिक और व्यक्तिगत मानहानि से जुड़े कंटेंट पाए गए। कुछ मामलों में AI-जनरेटेड फर्जी वीडियो और फोटो का भी इस्तेमाल किया गया।

EOU की साइबर शाखा चुनावी निगरानी के साथ-साथ साइबर ठगी के मामलों पर भी सख्त नजर रख रही है। जनवरी से जुलाई 2025 तक :
•ऑनलाइन ठगी की शिकायतें : 46,022
•ठगी की कुल राशि : ₹250 करोड़
•होल्ड की गई राशि : ₹57.52 करोड़
•रिफंड की गई राशि : ₹4.51 करोड़
•निष्पादित केस : 1,335
•गिरफ्तार अपराधी : 145
•ब्लॉक मोबाइल नंबर : 5,131
•ब्लॉक IMEI नंबर : 3,960

चुनाव आयोग और राज्य प्रशासन ने जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल सूचनाओं की सत्यता जरूर जांचें। साथ ही किसी भी आपत्तिजनक या भ्रामक पोस्ट की तुरंत जानकारी साइबर सेल को दें। राजनीतिक दलों को भी चुनाव आचार संहिता का पालन करने और सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने की चेतावनी दी गई है।