Jamshedpur : सिदगोड़ा में टाटा स्टील कर्मचारी की संदिग्ध मौत, दोस्तों के साथ पार्टी कर लौटे थे घर…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के एग्रिको क्रॉस रोड नंबर 3 में रहने वाले 28 वर्षीय विकास कुमार तिवारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विकास टाटा स्टील के मैन्युफैक्चरिंग विभाग में कार्यरत थे।
जानकारी के मुताबिक विकास शनिवार की शाम अपने दोस्तों के साथ एक पार्टी में शामिल हुए थे और रात करीब 10 बजे घर लौटकर सीधे कमरे में सोने चले गए। रविवार सुबह जब उनकी बहन ने दरवाजा खटखटाया तो कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा खोलने पर विकास अचेत अवस्था में मिले और उनका शरीर नीला पड़ा हुआ था। परिजन तुरंत उन्हें टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतक के भाई पुनित कुमार तिवारी ने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी है। पुलिस ने विकास के दोस्तों से पूछताछ भी की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।


