1000278629
|

झारखंड में मूसलाधार बारिश जारी, पूर्वी सिंहभूम समेत 6 जिलों में रेड अलर्ट…

खबर को शेयर करें
1000278629

Jharkhand: झारखंड में मानसून का असर लगातार देखने को मिल रहा है। भारी बारिश ने राज्य में जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के रांची केंद्र ने अगले तीन दिनों तक राज्य के कई जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। विभाग ने साफ कहा है कि फिलहाल बारिश से राहत मिलने की संभावना नहीं है। दक्षिणी और मध्य जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं और निचले इलाकों में जलभराव से लोग परेशान हैं।

मौसम विभाग ने सोमवार सुबह पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, खूंटी, लोहरदगा और लातेहार जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में भारी से अति भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।

रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार गंगा के तटीय क्षेत्रों और पश्चिम बंगाल के आसपास बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण झारखंड में यह भारी बारिश हो रही है। अगले 24 घंटों में यह सिस्टम पश्चिम और उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ सकता है जिससे आने वाले 2 से 3 दिनों तक झारखंड के विभिन्न हिस्सों में मूसलाधार बारिश जारी रहेगी।

पिछले दो दिनों से राज्य के अधिकांश हिस्सों में हो रही मध्यम से भारी बारिश ने सामान्य जीवन को प्रभावित कर दिया है। कई सड़कें पानी में डूब गई हैं पुल और घरों को नुकसान पहुंचा है तथा जगह-जगह पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। नदी-नालों का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है जिससे निचले क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा और बढ़ गया है।