नई दिल्ली में खुलेगा OpenAI का पहला भारतीय ऑफिस, AI तकनीक को मिलेगा बढ़ावा…

Azad Reporter desk: चैटजीपीटी बनाने वाली कंपनी OpenAI ने भारत में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की बड़ी घोषणा की है। कंपनी इस साल के अंत तक नई दिल्ली में अपना पहला ऑफिस खोलेगी। अमेरिका के बाद भारत को OpenAI ने अपना दूसरा सबसे बड़ा और तेजी से बढ़ता हुआ बाजार बताया है। कंपनी के अनुसार पिछले एक साल में भारत में साप्ताहिक सक्रिय यूजर्स की संख्या चार गुना से अधिक बढ़ी है।
OpenAI ने कहा कि भारत में ऑफिस खोलना सरकार के IndiaAI Mission को समर्थन देने की दिशा में अहम कदम है। कंपनी का मानना है कि भारत की तकनीकी प्रतिभा, मजबूत डेवलपर इकोसिस्टम और नीति समर्थन देश को एआई क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व दिला सकते हैं।
OpenAI के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने कहा “भारत में एआई के प्रति जो उत्साह और अवसर मौजूद हैं वो असाधारण हैं। यहां लोकल टीम और ऑफिस की स्थापना भारत के लिए और भारत के साथ मिलकर AI को विकसित करने की दिशा में ठोस शुरुआत होगी।”
केंद्र सरकार ने भी इस पहल का स्वागत किया है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत डिजिटल इनोवेशन और एआई अपनाने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है और OpenAI की भागीदारी से इसके फायदे देश के हर नागरिक तक पहुंचेंगे।
भारत में चैटजीपीटी का इस्तेमाल करने वाले छात्रों की संख्या दुनिया में सबसे ज्यादा है। साथ ही डेवलपर समुदाय के लिहाज से भी भारत टॉप-5 देशों में शामिल है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर ऑफिस और टीम बनने से छात्रों और डेवलपर्स को सीधा फायदा मिलेगा।
OpenAI ने बताया कि भारत में उसके टूल्स का इस्तेमाल पहले से ही कृषि, रोजगार और शासन व्यवस्था जैसे क्षेत्रों में हो रहा है। आगे कंपनी भारत के लिए विशेष फीचर्स और टूल्स विकसित करेगी जिससे एआई तकनीक और अधिक सुलभ और उपयोगी बन सके।
इसके अलावा इस महीने कंपनी भारत में पहला एजुकेशन समिट आयोजित करेगी और साल के अंत तक पहला डेवेलपर डे भी आयोजित किया जाएगा। इससे साफ है कि OpenAI भारत में न केवल अपना विस्तार कर रही है बल्कि स्थानीय नवाचार को भी प्राथमिकता दे रही है।

