सूर्या हांसदा एनकाउंटर केस अब CID के हवाले, DSP करेंगे जांच…

Jharkhand: गोड्डा जिले के कमलडोर पहाड़ के पास हुई पुलिस मुठभेड़ में मारे गए सूर्या नारायण हांसदा के मामले की जांच अब CID करेगी। डीजीपी अनुराग गुप्ता के आदेश पर गुरुवार को केस पुलिस से टेकओवर कर लिया गया। इस केस की जांच दुमका रेंज के CID डीएसपी करेंगे और इसकी निगरानी चंदन कुमार झा करेंगे।
पुलिस के अनुसार सूर्या को रविवार शाम देवघर के नावाडीह गांव से गिरफ्तार किया गया था। हथियार बरामदगी के लिए उसे रहड़बड़िया पहाड़ ले जाया जा रहा था, तभी उसने पुलिस की इंसास राइफल छीनने की कोशिश की और भागने लगा। इस दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग भी की जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया।
CID अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, बैलेस्टिक और एफएसएल जांच रिपोर्ट समेत गवाहों व पुलिसकर्मियों के बयान जुटाएगी।
गौरतलब है कि सूर्या हांसदा राजनीति में भी सक्रिय थे और बीजेपी, जेवीएम व जेएलकेएम की ओर से चुनाव लड़ चुके थे। इस घटना के बाद भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के नेतृत्व में सात सदस्यीय जांच टीम बनाई है। साथ ही, पार्टी ने इस केस की जांच हाईकोर्ट के जज या सीबीआई से कराने की मांग भी उठाई है।

