रांची में बनेगा झारखंड का सबसे बड़ा मॉल और इंटर स्टेट बस टर्मिनल…

Jharkhand: झारखंड सरकार ने राजधानी रांची को नई पहचान देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। रिंग रोड के पास दुबलिया में झारखंड का सबसे बड़ा मॉल और इंटर स्टेट बस टर्मिनल (ISBT) बनाने की योजना पर काम शुरू हो गया है।
नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राजधानी का विकास पर्यटन को ध्यान में रखकर किया जाए। इसी क्रम में कर्नाटक की परामर्शी एजेंसी IDEC ने गुरुवार को नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार को मॉल और ISBT का प्रारूप प्रस्तुत किया।
प्रधान सचिव ने एजेंसी से कहा है कि डिजाइन में कुछ बदलाव कर एक हफ्ते के भीतर नया ड्राफ्ट दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मॉल ऐसा होना चाहिए जहां लोग भीड़ और ट्रैफिक से दूर, हरियाली और सुरक्षित माहौल में खरीदारी व मनोरंजन का आनंद ले सकें।
मॉल की खासियतें
•कुल क्षेत्रफल : 5.59 लाख वर्गफुट (बेसमेंट सहित 7.36 लाख वर्गफुट)
•बेसमेंट : दो स्तरों में पार्किंग व अन्य सुविधाएं
•ग्राउंड फ्लोर : 28 दुकानें, 7 एट्रियम
•पहली से तीसरी मंजिल : हर मंजिल पर 29 दुकानें, 7 एट्रियम
•चौथी मंजिल : 27 दुकानें
•पांचवीं मंजिल : 18 दुकानें, 1 रेस्टोरेंट
•छठी मंजिल : 11 दुकानें, 4 मल्टीप्लेक्स, 2 रेस्टोरेंट
•अन्य सुविधाएं : फूड कोर्ट, इवेंट जोन, प्रदर्शनी क्षेत्र, आधुनिक सुरक्षा सिस्टम और हरियाली से घिरा खुला स्पेस।
ISBT की खासियतें
•कुल बस पड़ाव : 211
•ग्राउंड फ्लोर : 17 एलाइटिंग वे, 21 इंटरसिटी, 18 इंटरस्टेट, 15 इंट्रास्टेट बस वे, टिकट काउंटर, एटीएम, सुरक्षा कक्ष
•पहली मंजिल : एसी प्रतीक्षालय, डॉरमेट्री, रेस्टोरेंट, फूड कियोस्क
•अन्य सुविधाएं : बांस की सजावट, LED स्क्रीन, अस्पताल, वर्कशॉप, सीएनजी-पेट्रोल-डीजल पंप और पार्किंग।
इस परियोजना के पूरा होने पर रिंग रोड और आसपास के इलाकों में नगरीय और पर्यटकीय विकास को बढ़ावा मिलेगा। रांची के साथ-साथ पतरातु, रामगढ़, कुडू और लोहरदगा के लोग भी इसका लाभ उठा सकेंगे। यहां एक ही जगह ब्रांडेड शॉपिंग, आधुनिक परिवहन और मनोरंजन की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

