झारखंड में बिजली चोरी पर बड़ी कार्रवाई : 1188 लोगों पर केस, 1.96 करोड़ का जुर्माना…

Jharkhand: झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) ने 19 और 20 अगस्त को राज्यभर में बिजली चोरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान 7600 परिसरों की जांच की गई जिसमें 1188 मामलों में बिजली चोरी पकड़ी गई। इन पर कुल 1.96 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
सबसे ज्यादा मामले रांची जिले से सामने आए, जहां 131 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई और 19.43 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। हजारीबाग में 122 लोगों पर केस दर्ज किया गया और 22.95 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं डालटनगंज में 117 लोगों के खिलाफ FIR हुई और 11.63 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
JBVNL के जीएम (ATP) श्रवण कुमार ने बताया कि बिजली चोरी की सूचना देने के लिए लोग उनके मोबाइल नंबर 94311-35515 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाएगी।
अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान बिजली चोरी पर रोक लगाने और उपभोक्ताओं को नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए चलाया जा रहा है।

