झारखंड के चतरा में माओवादियों का उत्पात : ट्रैक्टर और पिकअप वाहन फूंके, दो घरों में जड़ा ताला…

Jharkhand: लंबे समय के बाद भाकपा (माओवादी) उग्रवादी फिर सक्रिय हो उठे हैं। बुधवार की देर रात लावालौंग थाना क्षेत्र के लेंबोडीह गांव में हथियारबंद माओवादी दस्ते ने उत्पात मचाते हुए ट्रैक्टर और पिकअप वाहन को आग के हवाले कर दिया। यही नहीं उग्रवादियों ने दो घरों में ताला लगाकर दहशत का माहौल पैदा कर दिया।
सूत्रों के अनुसार माओवादी संतन गंझू की तलाश में गांव पहुंचे थे। लेकिन घर पर संतन के नहीं मिलने से नाराज होकर उग्रवादियों ने उनके घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर और पिकअप वाहन को जला दिया। साथ ही संतन और एक अन्य ग्रामीण के घर में ताला जड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक माओवादियों की संख्या करीब 30 से 40 के बीच थी और सभी हथियारों से लैस थे। ग्रामीण भयभीत होकर घरों में दुबक गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर रवाना हुई और इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। करीब ढाई साल बाद जिले में इस तरह की बड़ी नक्सली घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी है। आसपास के गांवों के लोग सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।

