चाईबासा में वायरल फीवर का कहर : गुवा-बड़ाजामदा में अस्पतालों के बेड फुल, मरीज लौटने को मजबूर…

Jharkhand: लगातार हो रही रुक-रुक कर बारिश ने जिले में लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इस खराब मौसम की वजह से वायरल बुखार का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। हालात ऐसे हैं कि लगभग हर घर में कोई न कोई सदस्य बीमार पड़ चुका है।
गुवा, बड़ाजामदा, किरीबुरु-मेघाहातुबुरु और आसपास के इलाकों में वायरल फीवर के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मरीज एक सप्ताह तक ठीक नहीं हो पा रहे हैं और लंबे समय तक खांसी बने रहने से लोग कमजोर हो रहे हैं।
गुवा और किरीबुरु के सेल अस्पतालों में हालात गंभीर हैं। सभी बेड भर चुके हैं, जिसके कारण हल्के सुधार दिखते ही मरीजों को छुट्टी दे दी जा रही है ताकि गंभीर मरीजों को जगह मिल सके। वहीं कई मरीजों को बेड न मिलने पर सिर्फ दवा देकर घर भेजा जा रहा है। स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि इस बार का वायरल संक्रमण ज्यादा लंबे समय तक असर डाल रहा है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 4-5 दिन तक बारिश जारी रहेगी, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं। वहीं सारंडा क्षेत्र में बारिश कम हुई है लेकिन ज्यादा उमस के कारण वहां भी बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

