Jharkhand: गिरिडीह में रहस्यमयी मौत!! नांद का पानी पीते ही 7 बकरियों और 3 बैलों की जान गई…

Jharkhand: गिरिडीह जिले के धनवार प्रखंड के घुज्जी गांव में सोमवार को अचानक हड़कंप मच गया। गांव में एक ही दिन में सात बकरियों और तीन बैलों की मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि जानवरों ने सड़क किनारे रखे एक नांद से पानी पिया था जिसके बाद वे तड़पने लगे और दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि नांद के मालिक खलील मियां और उनके परिवार के लोग पहले भी जानवरों को पानी पीने से रोकने के लिए गाली-गलौज करते थे। लोगों को संदेह है कि नांद के पानी में कोई जहर मिलाया गया था।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच और पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिलाने की मांग की है। पंचायत समिति सदस्य जैनब खातून ने भी मामले में न्याय दिलाने की अपील की है।
फिलहाल पुलिस ने पानी के सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं और मामले की पड़ताल कर रही है।


