झारखंड के कुख्यात अपराधी डब्लू सिंह ने SP के समक्ष किया आत्मसमर्पण, 37 संगीन मामले दर्ज…

Jharkhand: पलामू जिले के कुख्यात अपराधी गौतम कुमार सिंह उर्फ डब्लू सिंह ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। डब्लू सिंह लंबे समय से फरार था और उस पर 37 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
डब्लू सिंह ने पलामू के SP रीष्मा रमेशन के समक्ष आत्मसमर्पण किया। वह लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के फुलांग गांव का निवासी है और 2006-07 से अपराध की दुनिया में सक्रिय रहा है। पुलिस के अनुसार उसकी पहचान झारखंड के सबसे सक्रिय और संगठित अपराधियों में होती रही है।
पुलिस के मुताबिक डब्लू सिंह का आपराधिक नेटवर्क न केवल पलामू, बल्कि गढ़वा, लातेहार, चतरा, हजारीबाग, रामगढ़, रांची और जमशेदपुर तक फैला हुआ था। वह हत्या, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट जैसे कई गंभीर अपराधों में शामिल रहा। पलामू पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार उस पर कुल 37 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने इस आत्मसमर्पण को जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ी सफलता बताया।

