Bokaro airport: 20 अगस्त को तय होगा संचालन, शहरवासियों का विमान सेवा का सपना होगा पूरा…

Jharkhand:बोकारोवासियों का वर्षों पुराना सपना अपने शहर से विमान सेवा की सुविधा अब साकार होने के कगार पर है। 20 अगस्त को एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) की उच्च स्तरीय बैठक में बोकारो एयरपोर्ट के संचालन पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
बैठक का नेतृत्व एएआई की क्षेत्रीय निदेशक निवेदिता दुबे करेंगी। इसमें AAI, बोकारो स्टील लिमिटेड (सेल) और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। इस बैठक को निर्णायक माना जा रहा है क्योंकि इसके बाद ही एयरपोर्ट की उड़ान सेवा शुरू हो सकेगी।
एयरपोर्ट संचालन में अब तक कई तकनीकी और प्रशासनिक बाधाएं आई थीं। इनमें फ्लैश लाइट और एंबुलेंस की व्यवस्था, रनवे सुरक्षा, सफाई कार्य और अन्य सुविधाएं शामिल थीं। इन समस्याओं के समाधान के लिए विधायक श्वेता सिंह ने हाल ही में पहल की है। उन्होंने फ्लैश लाइट के लिए राशि स्वीकृत की और DMFT फंड से दो एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की। जिला प्रशासन ने भी एयरपोर्ट परिसर की सफाई शुरू कर दी है।
बोकारो एयरपोर्ट चालू होने से उद्योग, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ा लाभ मिलेगा। फिलहाल लोग रांची या कोलकाता एयरपोर्ट पर निर्भर हैं जिससे यात्रियों और मरीजों को असुविधा होती है। एयरपोर्ट चालू होने पर उत्तर छोटानागपुर प्रमंडल के लाखों लोगों को सीधे लाभ मिलेगा।
हालांकि संचालन से पहले ओएलएस सर्वेक्षण का नवीनीकरण, सुरक्षा टावर की स्थापना, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से अनुमति और हवाई क्षेत्र में पेड़ों की कटाई जैसी औपचारिकताएं शेष हैं।
स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासन इस एयरपोर्ट को जल्द शुरू करने के लिए सक्रिय हैं। लोगों की निगाहें अब 20 अगस्त की बैठक पर टिकी हैं। यदि बैठक में सकारात्मक निर्णय लिया गया तो बोकारो से उड़ान सेवा जल्द ही शुरू हो सकती है।


