पटना में रियल लाइफ थ्रिलर: ममेरे जीजा ने किया 11 वर्षीय बच्चे का अपहरण, बहादुर बच्चे ने बचाई अपनी जान…

Azad Reporter desk: बिहार की राजधानी पटना में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। डेंटिस्ट डॉ. सुनील कुमार के 11 वर्षीय बेटे का अपहरण उसी के ममेरे जीजा रमेश रंजन ने कर लिया। घटना रविवार को फुलवारीशरीफ के पुर्णेंदु नगर में हुई जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
पीड़ित बच्चे ने पुलिस को बताया कि रमेश रंजन ने नानी के घर घुमाने का झांसा देकर उसे अपनी कार में बैठा लिया। इसके बाद वह बच्चे को फुलवारी, पुनपुन, मरीन ड्राइव और सोनपुर इलाकों में घुमाता रहा। रास्ते में आरोपी ने रुमाल पर किसी केमिकल को लगाकर बच्चे का मुंह दबाया जिससे उसके होंठ जल गए।
जब बच्चे को खतरा महसूस हुआ उसने आरोपी को गर्दन में दांत से काटा और मौका पाकर गाड़ी से कूदकर पास के रेस्टोरेंट में शरण ली। वहां मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस टीम ने बच्चे को सुरक्षित बचाया और आरोपी रमेश रंजन को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से एक कार, चाकू, दो मोबाइल और ₹6420 नकद बरामद हुआ।
पुलिस पूछताछ में रमेश रंजन ने बताया कि वह करीब ₹70 लाख के कर्ज में डूबा हुआ था और कर्ज चुकाने के लिए उसने अपने ही रिश्तेदार के बेटे का अपहरण कर फिरौती मांगने की योजना बनाई थी।

