झारखंड में मानसून फिर सक्रिय, दक्षिणी जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट…

Jharkhand: झारखंड में मानसून की गतिविधियों में एक बार फिर तेजी आने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अगले 24 घंटों के भीतर बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र (Low Pressure Area) बन सकता है। इसके चलते राज्य के विशेषकर दक्षिणी जिलों में भारी बारिश होने की आशंका जताई जा रही है। मौसम विभाग ने 20 अगस्त तक इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और गुमला जिलों में मौसम बिगड़ सकता है। इन क्षेत्रों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही वज्रपात की संभावना भी है। मौसम विभाग ने इन जिलों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
राज्य के अन्य हिस्सों जैसे रांची, हजारीबाग, बोकारो, धनबाद, लोहरदगा और चतरा में फिलहाल मौसम सामान्य रहेगा। हालांकि दोपहर के बाद हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग ने राज्यवासियों से कहा है कि आगामी दिनों में मौसम में उतार-चढ़ाव होने की संभावना है इसलिए सभी लोग सतर्क रहें और आवश्यक सावधानी बरतें।

