1000269447

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के खिलाफ जमशेदपुर में डॉग लवर्स का प्रदर्शन…

खबर को शेयर करें
1000269447

Jharkhand: सुप्रीम कोर्ट के हालिया आदेश के खिलाफ रविवार को जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित गौपाल मैदान के सामने डॉग लवर्स और पशु अधिकार कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। कोर्ट ने आवारा कुत्तों को सड़कों से हटाकर शेल्टर होम में रखने का निर्देश दिया है जिसके विरोध में यह प्रदर्शन हुआ।

प्रदर्शनकारी हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर नारेबाजी कर रहे थे और कई लोग अपने साथ स्ट्रीट डॉग्स को भी लाए थे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि गली-मोहल्लों में रहने वाले कुत्ते सिर्फ सुरक्षा का ही नहीं;बल्कि भावनात्मक रूप से भी समाज का हिस्सा हैं। उन्हें जबरन हटाना अमानवीय कदम होगा और उनके जीवन को खतरे में डाल देगा।

डॉग लवर्स का कहना है कि कुत्तों को हटाना समाधान नहीं है। इसके बजाय प्रशासन को टीकाकरण, नसबंदी और देखभाल केंद्रों की संख्या बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए, ताकि उनकी संख्या को नियंत्रित करते हुए उन्हें सुरक्षित रखा जा सके।

इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन में पशु अधिकार कार्यकर्ता, समाजसेवी, महिलाएं, छात्र और युवा बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने मांग की कि कुत्तों को समस्या नहीं बल्कि सह-जीवन का हिस्सा समझा जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जबरन कुत्तों को हटाने की कोशिश की गई, तो यह आंदोलन और तेज किया जाएगा।

गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने 11 अगस्त 2025 को दिल्ली-एनसीआर में सभी आवारा कुत्तों को शेल्टर होम में रखने का आदेश दिया था। इसके अन्य राज्यों में लागू होने की संभावना ने पशु प्रेमियों की चिंता बढ़ा दी है।