झारखंड मौसम अपडेट: आज गरज-बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट, IMD ने दी चेतावनी…

Jharkhand: झारखंड में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर सक्रिय हो गई हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार राजधानी रांची का अधिकतम तापमान बीते 24 घंटों में 2.8 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया है। इसके साथ ही पूरे राज्य में आज 17 अगस्त 2025 के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि राज्य के कई हिस्सों में आज गरज, तेज हवाएं, वर्षा और वज्रपात की संभावना है। रांची स्थित IMD केंद्र के अनुसार पिछले 24 घंटों में मानसून कमजोर रहा हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई।
IMD की रिपोर्ट में कहा गया है कि बंगाल की खाड़ी में नया निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित हो सकता है। वर्तमान में यह सिस्टम ओडिशा, उत्तर आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ के आसपास स्थित है। इससे जुड़े मानसून ट्रफ के कारण अगले कुछ दिनों में झारखंड और आसपास के राज्यों में मौसम में बदलाव संभव है।
मौसम केंद्र ने यह भी बताया कि आने वाले दो दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद झारखंड में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है जो बंगाल की खाड़ी में बनने वाले निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से होगा।
राज्यवासियों से आग्रह किया गया है कि आज के लिए जारी चेतावनी को गंभीरता से लें और विशेष रूप से बिजली गिरने और तेज हवाओं से सतर्क रहें।

