सरायकेला में दो औद्योगिक समूहों में टकराव, बिजली कनेक्शन को लेकर सड़क पर उतरे अधिकारी…

Seraikela: सरायकेला जिले में बिजली कनेक्शन को लेकर दो बड़े औद्योगिक समूह आमने-सामने आ गए हैं। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों कंपनियों के अधिकारी सड़क पर उतर आए और एक-दूसरे के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
जानकारी के मुताबिक रामकृष्ण फोर्जिंग लिमिटेड (RKFL) का रामचंद्रपुर ग्रिड से हाई टेंशन बिजली आपूर्ति के लिए पोल और तार लगाने का काम 95 प्रतिशत पूरा हो चुका था। इसी बीच अमलगम स्टील कंपनी के अधिकारियों ने पिंडराबेड़ा के समीप काम रुकवा दिया। अमलगम स्टील का आरोप है कि जिस पोल से आरकेएफएल को बिजली कनेक्शन दिया जा रहा है वह वास्तव में उनकी कंपनी का है।
अमलगम स्टील के अधिकारी तेजपाल सिंह ने बताया कि उन्होंने पहले ही बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन दिया था लेकिन विभाग की लापरवाही के कारण काम अधूरा रह गया। वहीं RKFL के अधिकारी शक्तिपद सेनापति ने कहा कि उन्होंने सरकारी प्रावधानों के तहत आवेदन कर काम कराया है और 95 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि अमलगम स्टील को भविष्य में किसी तरह की क्षति होती है तो उसकी क्षतिपूर्ति वे करने को तैयार हैं लेकिन फिर भी अमलगम कंपनी पीछे हटने को तैयार नहीं है।
शनिवार को विवाद और बढ़ गया जब अमलगम स्टील के पदाधिकारी रामचंद्रपुर ग्रिड में हंगामा करने पहुंच गए। विभागीय अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बीच-बचाव की कोशिश की मगर दोनों कंपनियां अपनी-अपनी जिद पर अड़ी रहीं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर विवाद जल्द नहीं सुलझा तो इसका असर औद्योगिक माहौल पर पड़ सकता है। साथ ही सवाल यह भी उठ रहा है कि जब जमीन और काम दोनों सरकारी हैं तो बिजली कनेक्शन को लेकर विवाद की वजह क्या है और अमलगम स्टील का दावा कितना सही है।

