जमशेदपुर ग्रामीण क्षेत्र: चाकुलिया में हाथी के हमले से क्यूआरटी टीम के तीन सदस्य घायल…

Jamshedpur news: जमशेदपुर ग्रामीण क्षेत्र के चाकुलिया प्रखंड की बड़ामारा पंचायत अंतर्गत मौरबेड़ा गांव में शुक्रवार शाम हाथी के हमले से वन विभाग की क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) के तीन सदस्य घायल हो गए। घायलों में धर्मा सोरेन, अभिषेक सिंह और आशीष मांडी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार मौरबेड़ा गांव के पास छह हाथियों का दल मौजूद था। हाथियों को गांव से दूर भगाने के लिए सात सदस्यीय टीम मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान हाथियों ने अचानक हमला कर दिया। हमले में पश्चिम बंगाल के गोईदो निवासी धर्मा सोरेन को गर्दन और छाती में गंभीर चोटें आईं जबकि लोधाशोली पंचायत के देवशोल निवासी अभिषेक सिंह और चाकुलिया नगर पंचायत के दिघी गांव निवासी आशीष मांडी को अंदरूनी चोटें लगीं।
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को पहले चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम रेफर कर दिया गया।
वन विभाग और ग्रामीणों की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

