1000266365

Jharkhand: स्वतंत्रता दिवस पर मोरहाबादी मैदान में राज्यपाल ने किया ध्वजारोहण, विकास और सुरक्षा को बताया प्राथमिकता…

खबर को शेयर करें
1000266365

Jharkhand: 79वें स्वतंत्रता दिवस पर रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित राजकीय समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। इस मौके पर उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी और कहा कि झारखंड में अवसरों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने भरोसा जताया कि राज्य देश के साथ प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

राज्यपाल ने कहा कि कानून व्यवस्था को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। बीते दिनों 197 माओवादी गिरफ्तार हुए, 17 मारे गए और 10 ने आत्मसमर्पण किया। स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार के लिए पीपीपी मोड पर पांच नए मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं जबकि रांची में रिम्स-2 की स्थापना के लिए 10 हजार करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। साथ ही रांची सदर अस्पताल में केंद्रीय रेडियोलॉजी हब बनाया जाएगा।

शिक्षा के क्षेत्र में राज्य में 100 उत्कृष्ट विद्यालय और 2500 ग्राम पंचायतों में ज्ञान केंद्र स्थापित किए जाएंगे जहां पुस्तकालय, इंटरनेट और अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

समारोह में राज्यपाल ने 43 पुलिस अधिकारियों और जवानों को राष्ट्रपति पदक, वीरता पदक और सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया। इनमें विभिन्न जिलों के पुलिस अधिकारी, जवान और महिला पुलिसकर्मी शामिल रहे। यह सम्मान 26 जनवरी 2024 और 15 अगस्त 2024 को केंद्र से घोषित पदकों के अंतर्गत प्रदान किए गए।