1000265289

झारखंड के पांच राजनीतिक दलों पर मान्यता रद्द होने का खतरा, चुनाव आयोग ने भेजा नोटिस…

खबर को शेयर करें
1000265289

Jharkhand: झारखंड के पांच राजनीतिक दलों पर मान्यता रद्द होने का खतरा मंडरा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने इन दलों को नोटिस जारी किया है। वजह यह है कि इन दलों ने पिछले छह वर्षों से किसी भी लोकसभा या विधानसभा के आम चुनाव या उपचुनाव में हिस्सा नहीं लिया है।

नोटिस पाने वाले दलों में हजारीबाग का आपका हमारा पार्टी, गिरिडीह का बहुजन सदन मोर्चा, पूर्वी सिंहभूम का झारखंड दिशाेम पार्टी, रांची का हम किसान पार्टी और झारखंड जनाधिकार पार्टी शामिल हैं।

निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार, यदि कोई पंजीकृत राजनीतिक दल लगातार छह साल तक कोई चुनाव नहीं लड़ता है, तो उसकी मान्यता रद्द कर दी जाती है। इसके अलावा जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 29ए के तहत दलों को पंजीकरण के समय दिए गए विवरणों में किसी भी बदलाव की सूचना तुरंत आयोग को देनी होती है।

आयोग ने इन दलों को 22 अगस्त तक शपथ पत्र के साथ अपना लिखित पक्ष देने का निर्देश दिया है। इसके बाद 29 अगस्त को पूर्वाह्न 11 बजे मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय रांची में सुनवाई होगी।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने इन दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों से समय पर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है। बता दें कि इससे पहले भी पांच अन्य राजनीतिक दलों का पंजीकरण रद्द किया जा चुका है।