JSSC ने शिक्षक भर्ती परीक्षा का संशोधित परिणाम जारी किया, कई पद अब भी खाली…

Jharkhand: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने प्राथमिक विद्यालय प्रशिक्षित सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2023 का संशोधित परिणाम जारी किया है। यह बदलाव गणित एवं विज्ञान, भाषा और सामाजिक विज्ञान विषयों के कुछ जिलों में हुई चयन सूची की त्रुटियों को सुधारकर किया गया है। बाकी परिणाम पहले जैसे ही रहेंगे।
संशोधित सूची में पलामू, पूर्वी सिंहभूम, गढ़वा, रामगढ़, सरायकेला-खरसावां और चतरा के कुछ पदों पर नए नाम शामिल किए गए हैं।
राज्य में 26,001 पदों पर भर्ती होनी थी लेकिन अब तक केवल 10,592 पद ही भरे जा सके हैं। कक्षा 1 से 5 के 6,183 और कक्षा 6 से 8 के 9,317 पद अभी खाली हैं। ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में सबसे ज्यादा कमी है।
शिक्षा विभाग ने बताया कि योग्य अभ्यर्थियों की कमी और कुछ उम्मीदवारों के जॉइनिंग से पहले ही पद छोड़ने की वजह से ये हालात बने हैं। अब विभाग सफल उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र दे रहा है और जल्द नई भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। संशोधित परिणाम JSSC की वेबसाइट पर देखा जा सकता है।

