Seraikela-Kharsawan: इचागढ़ में चौकीदारों से वाहन जांच, थाना प्रभारी पर उठे सवाल…

Seraikela-Kharsawan news:सरायकेला-खरसावां जिले के इचागढ़ थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी की कार्यशैली को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां चौकीदारों को हाथ में डंडा लेकर वाहनों की जांच करते देखा गया जबकि यह काम पुलिस कर्मियों का होता है। जांच के दौरान सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि एक चौकीदार को थाना प्रभारी का नाम तक नहीं पता था जिसे उन्होंने मोबाइल देखकर बताया।
चौकीदार कला चंद कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई बड़े बाबू विक्रम आदित्य पांडे के निर्देश पर की जा रही है। इसमें बिना हेलमेट या सीट बेल्ट वाले चालकों को रोका जा रहा है। हालांकि कानून के मुताबिक चौकीदारों के पास वाहन जांच का अधिकार नहीं होता। उनका काम सिर्फ सुरक्षा और निगरानी करना व संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देना है।
इसी बीच क्षेत्र में नक्सली गतिविधियां भी चिंता का विषय बनी हुई हैं। पूर्व डीआईजी ने कोल्हान को नक्सल मुक्त घोषित किया था लेकिन अब हफ्ते में दो बार IED बम बरामद हो रहे हैं। हाल ही में खरसावां में भारी मात्रा में विस्फोटक भी मिला था जिससे नक्सली गतिविधियों की आशंका बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस को अपनी कार्यप्रणाली सुधारनी चाहिए और नक्सली गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

